World Cup Victory Parade: नरीमन प्वाइंट से वानखेड़े तक उमड़ा फैंस का जनसैलाब, पहले नहीं देखा होगा ऐसा नजारा

World Cup Victory Parade: नरीमन प्वाइंट से वानखेड़े तक उमड़ा फैंस का जनसैलाब, पहले नहीं देखा होगा ऐसा नजारा

Team India T20 World Cup Victory Parade: टीम इंडिया 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनी है तो ये जश्न का माहौल है। यही कारण है कि टीम इंडिया आज शाम मुंबई में 2 किमी की एक छोटी सी विजय परेड आयोजित करने जा रही है, जिसके जरिए वह सभी प्रशंसकों का आभार व्यक्त करेगी। यह विजय परेड मरीन ड्राइव से ऐतिहासिक वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम तक जाएगी, जहां बीसीसीआई के पदाधिकारी टीम इंडिया का अभिनंदन करेंगे और 125 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि सौंपेंगे।

बता दें कि, इससे पहले गुरुवार सुबह जब टीम स्वदेश लौटी तो देश की राजधानी में उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद कुछ देर आराम करने के बाद टीम ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम ने अपने चिरपरिचित अंदाज में एक-एक कर सभी खिलाड़ियों से बात की।

टीम इंडिया ने सुबह पीएम मोदी से मुलाकात की

टीम इंडिया ने गुरुवार सुबह प्रधानमंत्री आवास पर पीएम मोदी से मुलाकात की। इससे पहले सभी खिलाड़ी दिल्ली के आईटीसी मौर्या होटल में ठहरे हुए थे। यहां टीम के लिए खास केक बनाया गया था। केक को टीम इंडिया की जर्सी का रंग दिया गया था। कुछ देर होटल में रुकने के बाद भारतीय खिलाड़ी प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए रवाना हो गए। वह काफी देर तक प्रधानमंत्री आवास पर रहे। इसके बाद मुंबई के लिए रवाना हो गए।

2007 के ऐतिहासिक पल को दोहराने के लिए तैयार हैं रोहित

टीम इंडिया 2007 के ऐतिहासिक पल को दोहराने के लिए तैयार है। भारत ने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता था। इसके बाद मुंबई में विजय परेड का आयोजन किया गया। अब रोहित की टीम भी इस पल को दोहराने के लिए तैयार है। इसमें रोहित, विराट कोहली, हार्दिक पंड्या, जसप्रित बुमरा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, युजवेंद्र चहल समेत सभी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

Leave a comment